अल्मोड़ा। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और जागेश्वर के विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को कांग्रेस पार्टी का चेहरा घोषित करने की पैरवी की है। उन्होंने कहा है कि राज्य की जनता 2017 की भूल को सुधारकर हरीश रावत को चुनाव के लिए मुख्य चेहरे के रूप में चाह रही है।
उन्होंने कहा हरीश रावत का भी बयान आया है कि राज्य में चुनाव के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता स्पष्ट रूप से चेहरा बताएं। इस बयान का वह भी स्वागत करते हैं। कुंजवाल ने कहा है कि वह जब भी गांव और कस्बों में भ्रमण पर जाते हैं तो जनता पूछती है कि 2022 के चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी का चेहरा कौन है। प्रदेश प्रभारी ने राज्य के तीन नेताओं को अलग-अलग उपाधि देकर आगामी चुनाव को फतेह करने की बात कही है तो उत्तराखंड का हर कांग्रेस कार्यकर्ता आग्रह करता है कि 2022 के चुनाव के लिए भी कांग्रेस चेहरे की घोषणा करना सुनिश्चित करे, ताकि कांग्रेस जनों में जो शंका फैली हुई है उसका समाधान हो सके।