लापता एसएसबी का जावान रामेश चंद्र
- फोटो : अमर उजाला
बटालियन के साथ अल्मोड़ा पहुंचा एसएसबी का हेड कांस्टेबल रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। एसएसबी कार्यालय में उपस्थिति के दौरान जवान अनुपस्थित पाया गया। जवान के अचानक गुम होने से एसएसबी अधिकारियों में हड़कंप मच गया। काफी खोजने के बाद जवान के न मिलने पर कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर चेनानी निवासी राजेंद्र चंद्र (35) पुत्र शंकर चंद्र एसएसबी की 11वीं बटालियन में हेड कांस्टेबल है। वह छह जुलाई को बटालियन के साथ श्रीनगर से डीडीहाट के लिए रवाना हुआ। शुक्रवार को बटालियन अल्मोड़ा पहुंची थी। दिन में करीब एक बजे तक जवान यहीं था, लेकिन शाम को कार्यालय में जवानों की उपस्थिति हुई तो राजेंद्र अनुपस्थित मिला।
अधिकारियों के निर्देश पर अन्य जवानों ने उसे कार्यालय के विभिन्न हिस्सों में तलाशा, लेकिन वह नहीं मिला। इस दौरान काफी खोजबीन करने के बाद भी जवान का पता न चला तो एसएसबी के अधिकारियों और जवानों में हड़कंप मच गया। शनिवार को अधिकारियों ने अल्मोड़ा कोतवाली पुलिस में जवान की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। तब से पुलिस भी जवान की तलाश कर रही है। शनिवार को भी एसएसबी के जवान जिला और बेस अस्पताल में उसकी तलाश करते रहे।
एसएसबी के अधिकारियों की ओर से शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, पुलिस की टीम गठित कर दी गई है। जवान की तलाश की जा रही है। एसआई सुरेंद्र सिंह रिंगवाल को जांच सौंपी गई है।
- हरेंद्र चौधरी, कोतवाल, अल्मोड़ा।