सल्ट ब्लाक के टुकरा गांव में राजकीय इंजीनियरिंग कालेज के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। इसके लिए सरकार ने 26 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। यह माइनिंग ट्रेडों की पढ़ाई वाला राज्य का पहला इंजीनियरिंग कालेज होगा। इंजीनियरिंग कालेज के प्रस्तावित स्थल तक चार किमी लंबी सड़क का मंगलवार को भूमि पूजन किया गया।
इस सड़क के निर्माण में चार करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए एक करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित हो चुकी है।
मालूम हो कि मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पिछले साल पांच सितंबर को क्षेत्र के भ्रमण के दौरान सल्ट ब्लाक के टुकरा गांव में राजकीय इंजीनियरिंग कालेज स्थापित करने की घोषणा की थी। घोषणा के मुताबिक इस इंजीनियरिंग कालेज में माइनिंग से संबंधित ट्रेडों की पढ़ाई होगी। अभी तक राज्य में माइनिंग से संबंधित पढ़ाई के लिए कोई इंजीनियरिंग कालेज नहीं है। सीएम की घोषणा के बाद बीते दिनों इंजीनियरिंग कालेज के निर्माण के लिए शासनादेश जारी हो चुका है। आदेश के मुताबिक इंजीनियरिंग कालेज के भवन निर्माण में 26 करोड़ रुपये खर्च होंगे। फिलहाल तीन लाख रुपये टोकन मनी भी जारी हो चुकी है।
पहले चरण में टुकरा गांव में इंजीनियरिंग कालेज के प्रस्तावित स्थल तक चार करोड़ रुपये लागत से करीब चार किमी तक सड़क का निर्माण होना है। मंगलवार को सड़क का भूमि पूजन किया गया। इस मौके पर सीएम के औद्योगिक सलाहकार रणजीत रावत ने बताया कि पहले चरण में सड़क का काम पूरा होगा। इसके बाद दूसरे चरण में इंजीनियरिंग कालेज का भवन बनाने का काम शुरू किया जाएगा। इंजीनियरिंग कालेज परिसर के निर्माण के लिए टुकरा गांव में ग्राम सभा की 250 नाली जमीन अधिग्रहीत की गई है। इस मौके पर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हरीश रावत और सीएम के औद्योगिक सलाहकार रणजीत रावत का आभार जताया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अर्जुन सिंह रावत, ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष माधवानंद चौनियाल, यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष प्रहलाद रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य शंभू दत्त रिखाड़ी, प्रधान उमेश चंद्र, जीत सिंह रावत, एनडी पंत, सोबन सिंह बोरा, नंदन बोरा, महिपाल सिंह, आनंद सिंह रावत आदि मौजूद थे।
-