दुग्ध संघ अध्यक्ष दीप डांगी ने बताया है कि दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन की धनराशि शासन स्तर पर स्वीकृत हो चुकी है। धनराशि अवमुक्त होते ही उत्पादकों को प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शासन से बजट शीघ्र अवमुक्त होने की उम्मीद है।
दुग्ध उत्पादकों का दुग्ध मूल्य कमीशन अलग-अलग सीजन में दो प्रतिशत से 2.25 प्रतिशत था। जो अब वर्षभर के लिए 2.5 फीसदी कर दिया गया है। हेड लोड बढ़ाकर 0.45 पैसा प्रति लीटर प्रति किमी की जा चुकी है। दुग्ध उत्पादकों को पशु आहार में चार रुपये प्रति किलो की दर से अनुदान दिया जा रहा है।
भूसे पर तीन रुपये प्रति किलो, मिनरल मिक्सचर में 25 रुपये प्रति किलो की दर से अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि दुग्ध संघ उत्पादकों को स्वावलंबी बनाने के लिए कार्य कर रहा है।
उनका प्रयास है कि दुग्ध समितियों और दुग्ध उत्पादकों को मजबूत किया जाए, तभी दुग्ध संघ मजबूत हो पाएगा। उनके कार्यकाल में दुग्ध उत्पादकों को पशुओं की आकस्मिक मृत्यु पर अब तक 4.25 लाख रुपये की धनराशि पशु विकास कोष से दी जा चुकी है।