राजकीय हाईस्कूल कुंवाली (महतगांव) में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क आदि को लेकर 175 शिकायतें प्राप्त हुई। अधिकारियों ने 75 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया जबकि शेष 100 शिकायती पत्र संबंधित विभागों को भेजे गए। डीएम विनोद कुमार सुमन ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के निश्चित समय में निस्तारण के निर्देश दिए।
शिविर में लोगों ने पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, विभिन्न पेंशन, पुल आदि की समस्या बताई। मुख्य अतिथि विधायक रेखा आर्या ने अधिकारियों से सजग रहकर जनसमस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने को कहा। अध्यक्षता करते हुए डीएम सुमन ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार के निर्देश पर दूरस्थ क्षेत्रों में शिविर लगाए जा रहे हैं। अधिकारी त्वरित गति से पात्रों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाएं और जनसमस्याओं के निस्तारण के लिए काम करें।
शिविर में फार्म भरकर 51 लोगों को वृद्धावस्था पेंशन, सात को विधवा, तीन को विकलांग पेंशन, तीन महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा पेंशन मंजूर की गई। तीन अनुसूचित जाति के परिवारों को पुत्री के विवाह के लिए धनराशि मंजूर की गई। सीएम राहत कोष के पांच-पांच हजार के तीन चेक, एक विकलांग छात्रा अमिषा को नि:शुल्क बस पास दिया गया। वहां विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
शिविर में एसडीएम एबी वाजपेयी, तहसीलदार सुंदर सिंह तोमर, द्वाराहाट के बीडीओ रमेश आर्या, लोनिवि ईई सुरेश आर्या, समाज कल्याण अधिकारी चंद्रा चौहान, ललित मेहता, जगदीश लाल वर्मा, सुरेंद्र मेहता, शिव सिंह मेहता, मंटू वर्मा, बालम भाकुनी, गोपाल खोलिया, रमेश भाकुनी, राजू चिलवाल, भुवन जोशी, कैलाश भट्ट आदि थे।