ग्राम पंचायत की बैठक में मौजूद सदस्य और अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
जिला पंचायत की बैठक में दूसरे दिन बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क समेत अन्य कई मामले सदस्यों ने उठाए। बैठक में ग्राम पंचायतों में मनरेगा योजना बनाने को बैठकें रोस्टर के अनुसार न होने का मुद्दा भी उठा।
जिला पंचायत अध्यक्ष पार्वती मेहरा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सदस्यों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं में संक्रामक बीमारी के खतरे को देखते हुए शिविर लगाकर टीकाकरण किया जाए। सिंचाई और लघु सिंचाई में कार्यों का भुगतान नहीं हो रहा है। सदस्यों ने नाराजगी जताई कि बीएसएनएल की मोबाइल सेवा में लंबे समय से व्यवधान आ रहा है। मरचूला, मोहान, टोटाम, सोराल और वृद्ध जागेश्वर में टावर लगाए जाएं। ग्रामीण निर्माण विभाग की समीक्षा में विभागीय सड़कों का काम पूरा करने और बाराखाम पटवारी चौकी में पेयजल संयोजन जोड़ने का मुद्दा उठा।
सदन में दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों को दुरुस्त करने, पेयजल टैकों में ब्लीचिंग पाउडर और क्लोरीन की गोलियां डालने की मांग की गई। रोस्टर के अनुसार ग्राम पंचायत की बैठकें नहीं होने के मामले में डीडीओ केके पंत ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। किसान और दिव्यांग पेंशन नहीं मिलने की शिकायत पर समाज कल्याण अधिकारी जगमोहन कफोला ने बताया कि बजट आ गया है, जल्द भुगतान किया जाएगा। परियोजना निदेशक नरेश कुमार ने शौचालय से वंचितों के नाम सूची में दर्ज कराने के लिए सर्वे कराने की बात कही। इसके अलावा मत्स्य, सहकारिता, नाबार्ड समेत अन्य विभागों के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
चर्चा में जिला पंचायत सदस्य बालम भाकुनी, गजेंद्र नेगी, विशन सिंह, विधायक प्रतिनिधि मोहन सिंह मेहरा, गणेश नायक, प्रकाश जोशी, विमला बनौला, नारायण रावत आदि ने भाग लिया। बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, नवनियुक्त सीडीओ मनुज गोयल समेत विभागीय अधिकारी मौजूद थे। संचालन एएमए मोहन लाल टम्टा ने किया।