अल्मोड़ा। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर आईक्यू अस्पताल में हुई गोष्ठी में वक्ताओं ने कोविड-19 काल में मनोरोगियों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ने पर चिंता जताई। मानसिक बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी है कि लोग अपनी जीवन शैली को व्यवस्थित रखें। पर्याप्त नींद ले और समय पर आराम करें। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जेसी दुर्गापाल ने कहा कि कोरोनाकाल में बेरोजगार होने से कोई भी व्यक्ति मानसिक रोग की चपेट में आ सकता है। आर्थिक तंगी होने पर यह रोग बढ़ भी सकता है। मानसिक रोगियों को सहानुभूति और प्रेम की आवश्यकता होती है। उनकी मदद करनी चाहिए। मानसिक रोगियों की पूरी बात सुननी चाहिए। मानसिक रोगी धूम्रपान और अन्य नशे के आदी हो जाते हैं, उन्हें नशे से दूर रखा जाए। गोष्ठी में बालम सिंह, धीरेंद्र बनकोटी, केशर अधिकारी, भास्कर प्रसाद, केशव लटवाल, भुवन राम आदि थे।