जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने आंदोलन की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
अल्मोड़ा। उत्तराखंड जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने जूनियर हाईस्कूलों में प्रधानाध्यापक के सृजित पदों पर तत्काल तैनाती की मांग की है। संघ का एक शिष्टमंडल विभिन्न मांगों को लेकर प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) अत्रेश सयाना से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा।
शिक्षकों ने बताया कि जूनियर हाईस्कूलों में प्रधानाध्यापक के कई पद रिक्त पड़े हैं, जिससे विद्यालयों के कामकाज में काफी दिक्कतें आ रही हैं। कई स्थानों पर शिक्षकों को प्रभारी प्रधानाध्यापक का दायित्व दिया गया है, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। संघ ने मांग की कि रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाए ताकि शिक्षण कार्य सुचारु रूप से चल सके।
शिक्षकों ने यह भी मांग की कि जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में दिया जाने वाला प्रशिक्षण दिसंबर के बाद नहीं होना चाहिए, इस समय विद्यालयों में परीक्षाएं चलती हैं। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों के अनुपस्थित रहने से विद्यालयों में शिक्षकों की कमी हो जाती है, जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होती है। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षा सत्र के आरंभ में ही आयोजित किया जाए।
संघ ने यह भी मांग की कि पंचायत चुनाव में 55 वर्ष से अधिक आयु के शिक्षकों की ड्यूटी नहीं लगाई जानी चाहिए। ज्ञापन देने वाले शिष्टमंडल का नेतृत्व संघ के जिलाध्यक्ष पंकज पांडे ने किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष विनोद थापा, जिला उपाध्यक्ष रघुवीर बिष्ट, जिला मंत्री पुष्कर सिंह कुंवर, जिला वरिष्ठ संयुक्त मंत्री कैलाश चंद्र जोशी आदि मौजूद रहे।