अल्मोड़ा। एसएसजे विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विवि का नया परिसर स्थापित करने के लिए बैठक हुई। इस दौरान फोरेंसिक विज्ञान पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए एक कमेटी गठित की गई। मंगलवार को बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि सोमवार को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा के साथ इस संबंध में उनकी वार्ता हुई थी। उन्होंने कहा कि विवि में फोरेंसिक विज्ञान में संबंधित स्नातक, परा स्नातक और डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए प्रो. अनिल कुमार यादव की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई। इसमें प्रो. एके नवीन, प्रो. मधुलता नयाल, डॉ. नंदन सिंह बिष्ट, डॉ. पारुल सक्सेना और डॉ. मनोज बिष्ट कमेटी के सदस्य होंगे।
बैठक में आंतरिक अंक का मूल्यांकन समय पर करने और एनईपी के तहत वोकेशनल, स्किल, वैल्यू एडेड पाठ्यक्रमों को संचालित करने पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि असाइनमेंट जमा करने के लिए छात्र-छात्राओं को दो जून तक का अंतिम मौका दिया गया है। उन्होंने संकायाध्यक्षों को निर्धारित समय तक छात्र-छात्राओं के असाइनमेंट जमा करने के निर्देश दिए। आगामी सत्र में निर्धारित तिथि से पूर्व ही आंतरिक मूल्यांकन कार्य करने का निर्णय लिया गया। वहां विवि के कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट, परीक्षा नियंत्रक डॉ. नंदन सिंह बिष्ट, प्रो. जगत सिंह बिष्ट, प्रो. सुशील कुमार जोशी, प्रो. शेखर चंद्र जोशी, डॉ. एचआर कौशल, प्रो. रिजवाना सिद्धिकी, डॉ पारस नेगी, डॉ. ललित जोशी आदि मौजूद रहे।