द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। पाली पछाऊं के ऐतिहासिक स्याल्दे बिखौती मेले के चौथे दिन मंगलवार को मीना बाजार लगा। मेले में घरेलू सामान, कॉस्मेटिक, खिलौने, कपड़े, चादरें और अन्य वस्तुओं की दुकानें आकर्षण का केंद्र रहीं।
शीतला पुष्कर मैदान, मुख्य चौराहा, त्रिमूर्ति चौराहा, रानीखेत रोड और चौखुटिया रोड सहित पूरे क्षेत्र में जहां जगह मिली वहां दुकानदारों ने दुकानें लगाई हैं। मेले में हल्द्वानी, बरेली, कानपुर, मुरादाबाद और हरिद्वार सहित कई जगहों से आए व्यापारियों ने स्टॉल लगाए हैं।
जलेबी, फास्ट फूड, गट्टे और भुज की मिठाई की दुकानों पर सबसे अधिक रौनक रही। बीते दिनों मुख्य मेले की शाम लोगों को जलेबी खरीदने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्याल्दे मेले से घर लौटते समय लोग जलेबी, गट्टे और भुज की मिठाई जरूर लेकर जाते हैं। यही वजह है कि मिठाई की दुकानों पर भीड़ रही।
द्वाराहाट मुख्य चौराहे पर महिलाओं के पर्स और बैग बेचने आए भरत चौधरी ने बताया कि उनका सामान ठीक-ठाक बिक रहा है और उन्हें मीना बाजार में बिक्री और बढ़ने की उम्मीद थी।
वहीं मुख्य चौराहे पर शेक, लस्सी, बेल का जूस, सॉफ्टी और आइसक्रीम की दुकान लगाने वाले नरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि इस बार बिक्री उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। किराया, आना-जाना और कर्मचारियों का खर्च निकालना मुश्किल है।
चौखुटिया रोड पर युवक-युवतियों के कपड़े बेचने आए शिबु अली ने बताया कि फिलहाल बिक्री सामान्य रही है लेकिन उन्हें आने वाले दिनों में बेहतर कारोबार की उम्मीद है।
मीना बाजार के साथ मेले का औपचारिक समापन हो गया है। व्यापारियों की दुकानें अभी कुछ दिन और चलती रहेंगी ताकि वे अपना बचा हुआ सामान बेच सकें।