अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट के निर्देश पर जिला पुलिस लगातार जरूरतमंदों की मदद कर रही है। मीडिया सेल की ओर से भी कोरोना काल में कई जरूरतमंदों को महानगरों से जीवन रक्षक दवाइयां मंगवाकर जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचाई जा चुकी है। वहीं अब सोमेश्वर क्षेत्र के दुरुस्थ ग्रामीण क्षेत्र में भी कोविड के दौरान मीडिया सेल ने जीवनरक्षक दवा हृदय रोग संबंधित बीमारी से ग्रसित बुजुर्ग मरीज के घर पहुंचाई। पुलिस की ओर से घर में दवा उपलब्ध होने से मरीजों को काफी राहत मिल रही है।
पुलिस ने बताया कि सोमेश्वर क्षेत्र के ग्राम सैल निवासी कुंदन सिंह भाकुनी (75) हृदय रोग के मरीज हैं। इन दिनों कोरोना काल और कोविड कर्फ्यू की वजह से दवा लेने वह अल्मोड़ा नहीं आ पा रहे थे। उन्होंने जिला पुलिस को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। पुलिस की मीडिया सेल ने उनकी अतिआवश्यक दवाइयां अल्मोड़ा में खरीदीं और सोमेश्वर थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट ने मंगलवार को बुजुर्ग व्यक्ति के घर ग्राम सैल पहुंचकर उन्हें दवाइयां सुपुर्द कीं। बुजुर्ग ने एसएसपी अल्मोड़ा और पुलिस का आभार जताया।