Max Motor Vehicle on the trees near Toli in Almora-Pithoragarh motorway.
- फोटो : अमर उजाला
दन्यां से अल्मोड़ा आ रही एक मैक्स टैक्सी अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर तोली के निकट चालक को झपकी आने से अनियंत्रित होकर 100 फुट गहरी खाई जा गिरी। संयोग से मैक्स वाहन एक पेड़ के सहारे अटक गया। इस कारण बड़ा हादसा होने से बच गया। दुर्घटना में पांच यात्री घायल हो गए। तीन घायलों को 108 के माध्यम से जिला अस्पताल अल्मोड़ा लाया गया। इनमें से एक घायल को हल्द्वानी के लिए रेफर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को मैक्स जीप संख्या यूके-01-टीए-2413 दन्यां से अल्मोड़ा की तरफ आ रही थी। सुबह साढ़े आठ बजे अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर तोली के पास चालक को झपकी आने से मैक्स अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 फीट नीचे जा गिरी और वहां एक पेड़ के सहारे अटक गई। दुर्घटना में चालक अनुज रावत (27) पुत्र स्व. प्रहलाद सिंह निवासी न्यू इंदिरा कालोनी खत्याड़ी के अलावा ईश्वरी दत्त भट्ट (65) पुत्र कमलापति भट्ट निवासी चौसाला क्वैराली, बचूली देवी (65) पत्नी स्व. हरि दत्त पांडे निवासी ढुढगाड़ी, दया चौधरी (50) पत्नी महेश चौधरी निवासी पारकोट, कमला जोशी (50) पत्नी गिरीश चंद्र जोशी गुरुरानी खोला, गोकुल सिंह (16) पुत्र चंदन सिंह निवासी बजेला (नैनी) घायल हो गए। घायल ईश्वरी दत्त भट्ट, बचुली देवी, कमला जोशी को 108 के माध्यम से जिला अस्पताल अल्मोड़ा लाया गया। ईश्वरी दत्त भट्ट के बाएं पैर की हड्डी टूट गई है। उन्हें जिला अस्पताल से हल्द्वानी के लिए रेफर कर दिया गया है। बचुली देवी के बाएं कंधे की हड्डी खिसक गई है। उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। कमला जोशी की कमर में सात टांके लगे हैं। दुर्घटना में दो अन्य यात्री भी मामूली रूप से घायल हो गए। स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है। वाहन में चालक समेत कुल आठ यात्री बैठे थे।