बागेश्वर। उत्तराखंड क्रांति दल की जिला इकाई की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कार्यकर्ताओं की सर्वसम्मति से एडवोकेट मनोज जोशी को यूकेडी का नया जिलाध्यक्ष चुना गया। बृहस्पतिवार को पिंडारी रोड स्थित निजी होटल में निवर्तमान जिलाध्यक्ष नवीन पांडेय की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस दौरान आगामी 2027 विधानसभा चुनाव, उत्तरायणी मेले को लेकर चर्चा हुई। नए जिलाध्यक्ष के गठन की प्रक्रिया भी शुरू की गई। बैठक में तय हुआ कि इस साल के उत्तरायणी मेले में सरयू बगड़ पर लगने वाले राजनीतिक पंडाल में यूकेडी के वरिष्ठ और युवा नेता शिरकत करेंगे। केंद्रीय अध्यक्ष पूरन सिंह कठैत, केंद्रीय युवा अध्यक्ष आशीष नेगी, वरिष्ठ नेता काशी सिंह ऐरी, पुष्पेश त्रिपाठी जनसभा को संबोधित करेंगे। इस मौके पर विमल चंद्र फुलारा, तारा दत्त फुलारा और गणेश सिंह टंगड़िया का दल की सदस्यता ग्रहण करने पर माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस मौके पर संरक्षक हीरा बल्लभ भट्ट, भुवन कांडपाल आदि मौजूद रहे।