अल्मोड़ा हॉली डे होम में जयकारे लगाते कैलाश मानसरोवर यात्री।
- फोटो : अमर उजाला
सोमवार देर शाम अल्मोड़ा पहुंचे कैलाश मानसरोवर यात्रियों के दल को मंगलवार को भी अल्मोड़ा में ही रोक लिया गया है। गुंजी में खराब मौसम के चलते 55 यात्रियों का यह दल अब मौसम साफ होने के बाद आगे की यात्रा करेगा।
कैलाश मानसरोवर यात्रियों का छठा दल बीते शाम को अल्मोड़ा होली डे होम पहुंचा था। यात्रियों को मंगलवार सुबह आगे की यात्रा पर निकलना था, लेकिन पिथौरागढ़ से मौसम के साफ नहीं होने की सूचना मिलने के बाद यात्रियों के दल को अल्मोड़ा में ही रोक लिया गया। बताया जा रहा है कि कैलाश मानसरोवर यात्रा का पांचवां दल भी अभी पिथौरागढ़ टीआरसी में रुका हुआ है। अल्मोड़ा होली डे होम में रुके हुए छठे दल में 12 महिलाएं, 42 पुरुष समेत दो लाइजनिंग आफिसर शामिल हैं।
यात्रा दल में यूपी, हरियाणा, राजस्थान और गुजरात के छह-छह, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली के पांच-पांच, तेलंगाना के चार, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के तीन-तीन, तमिलनाडु के दो और पांडीचेरी का एक यात्री शामिल है। होली डे होम की प्रबंधक शीला साह ने बताया कि गुंजी में मौसम खराब होने के कारण पिथौरागढ़ से यात्रियों को अल्मोड़ा रोके जाने का संदेश मिला है। अब बुधवार को गुंजी में मौसम साफ होने पर ही यहां से यात्री रवाना होंगे।
-