अल्मोड़ा। बीआरसी कार्यालय सोमेश्वर में शुक्रवार को एक व्यक्ति के द्वितीय तल से नीचे गिरने से गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों और पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार मोहम्मद हारुन (49 वर्ष) बीआरसी कार्यालय स्थित उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय के द्वितीय तल पर मौजूद थे। इसी दौरान वह अचानक नीचे जा गिरे। ऊंचाई से गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं। कार्यालय में मौजूद लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए मदद की। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मी सुंदर सिंह परिहार और दिव्या गोस्वामी ने तत्काल घायल मोहम्मद हारुन को उपजिला चिकित्सालय सोमेश्वर पहुंचाया। उप चिकित्सालय सोमेश्वर के डाक्टर सौरभ ने बताया कि उनके सिर में गंभीर चोट होने से कान से लगातार खून आ रहा था। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सीटी स्कैन के लिए हायर सेंटर जिला अस्पताल अल्मोड़ा रेफर कर दिया गया। घटना के बाद कार्यालय परिसर में कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर चर्चा रही। फिलहाल व्यक्ति के द्वितीय तल से गिरने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।