अल्मोड़ा। नगर की एक मीट की दुकान में विवाद हो गया। इस दौरान एक व्यक्ति की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। हमले में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
तल्ली खत्याड़ी निवासी महेंद्र सिंह कनवाल ने पुलिस को तहरीर दी। कहा कि रविवार रात वह खत्याड़ी से बेस स्थित एक मीट की दुकान के पास खड़ा था। इस दौरान कुछ लोगों का दुकान में विवाद चल रहा था। मीट विक्रेता के साथ अभद्रता करते हुए जबरदस्ती उसकी दुकान को बंद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्होंने उस पर हमला कर दिया। हथियार से उसके सिर और शरीर पर वार किया। इस दौरान उसके शरीर के कई हिस्सों में चोट आई। उपचार के लिए उसे बेस अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत कोतवाली अल्मोड़ा में करते हुए कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी योगेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी। संवाद