सल्ट बन रहा है गांजा तस्करी का गढ़, दो माह में एक क्विंटल से अधिक गांजा पकड़ा गया
मौलेखाल(अल्मोड़ा)। सल्ट में पुलिस ने 15 किलो गांजा के साथ काशीपुर के एक युवक को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को सल्ट पुलिस ने मरचूला रोड पर गौलीखान तिराहे पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक कार को रोककर तलाशी ली गई। उसमें प्लास्टिक के थैलों में भरा 15 किलो गांजा बरामद हुआ। कार चालक रोहन कुमार(26), निवासी गोपीपुरा चांदपुर, काशीपुर को गिरफ्तार किया गया। थानाध्यक्ष अजेंद्र प्रसाद ने बताया कि आरोपी क्षेत्र से गांजा एकत्र कर इसे मैदानी क्षेत्रों में पहुंचाकर मोटा मुनाफा कमाने की फिराक में था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
जिले में पिछले साल 272 किलो गांजा बरामद
मौलेखाल। सल्ट क्षेत्र गांजा तस्करी के लिए विशेष पहचान बनाने लगा है। बीते वर्ष जिले में 272 किलो गांजा बरामद किया गया। अधिकतर मामले सल्ट क्षेत्र में सामने आए। वहीं इस वर्ष सिर्फ दो माह में ही सल्ट में 126 किलो गांजा बरामद हुआ है।