इस हाल में है मालरोड-चौबटिया मोटर मार्ग। संवाद
रानीखेत (अल्मोड़ा)। नगर के आंतरिक मोटर मार्गों की हालत खराब है। सैन्य क्षेत्र के अंतर्गत रानीखेत-चौबटिया मोटर मार्ग मालरोड से लेकर झूला देवी तक बदहाल है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। बारिश में यह गड्ढे तालाब का रूप ले लेते हैं। जिस कारण दो पहिया वाहन चालकों और राहगीरों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग को वीआईपी सड़क का दर्जा हासिल है। बड़े बड़े अधिकारी और देशी विदेशी पर्यटक इस सड़क से होते हुए चौबटिया उद्यान घूमने आते हैं। सड़क खराब होने से पर्यटक भी कड़वे अनुभव लेकर लौटते हैं।
नगर के आंतरिक सड़कों की हालत भी खराब है। अंग्रेजों के समय की जरूरी बाजार मोटर मार्ग बुरी तरह से खराब हो चुकी है। डेढ़ साल पहले इस मोटर मार्ग के गड्ढे पाटने का काम हुआ था लेकिन अब हालात पहले की तरह हैं। गांधी चौक से नैनीताल बैंक शाखा मोटर मार्ग फिर गड्ढों में तब्दील हो गई है। इन मोटर मार्गों के संरक्षण की जिम्मेदारी छावनी परिषद पर है। कनौसा कान्वेंट और आर्मी पब्लिक स्कूल को जोड़ने वाली सड़क कई स्थानों पर फिर क्षतिग्रस्त हो चुकी है। केंद्रीय विद्यालय के आवासीय भवनों के नीचे सड़क बदहाल है।
रानीखेत से चौबटिया को जोड़ने वाला मोटर मार्ग मालरोड से लेकर झूलादेवी मंदिर तक खराब है। इस मार्ग पर बड़े-बड़े अधिकारियों के भवन हैं। प्रख्यात उद्यान गार्डन भी इसी मार्ग पर स्थित है। साल भर उद्यान देखने के लिए हजारों की संख्या में देशी विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं लेकिन सड़क की हालत खराब होने के कारण उन्हें भी दिक्कतें होती हैं। इन दिनों बारिश हो रही है और सड़कों पर बने गड्ढे तालाब का रूप ले चुके हैं। रात्रि में इधर-उधर दोपहिया लेकर जाने वाले कई लोग इन गड्ढों में गिरकर चोटिल तक हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क की हालत सुधारने की मांग की है। इधर, लोनिवि प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता केएस बिष्ट ने बताया कि माल रोड से झूलादेवी तक मोटर मार्ग एमईएस के अंतर्गत है। लोनिवि के पास झूलादेवी से कुनेलाखेत मोटर मार्ग की जिम्मेदारी है।