रानीखेत (अल्मोड़ा)। मजखाली कस्बे में मजखाली कप वॉलीबाल प्रतियोगिता शुरू हो गई है। उद्घाटन मुकाबले में मेजबान मजखाली की टीम ने रानीखेत भूमि क्लब खनियां को हराया। इससे पहले सामाजिक कार्यकर्ता चंदन अधिकारी ने मुकाबले का उद्घाटन किया और खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेलने का आह्वान किया।
मजखाली में हर साल मजखाली कप वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन होता है। मजखाली क्लब की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ सामाजिक कार्यकर्ता चंदन अधिकारी और एनएस अधिकारी ने किया।
वक्ताओं ने कहा कि खेलों के माध्यम से शारीरिक और मानसिक विकास होता है और युवा नशे से भी दूर रहते हैं। उन्होंने कहा कि खेल भावना को तरजीह देनी चाहिए। मजखाली क्लब ने रानीखेत भूमि क्लब को दो सेटों में सीधे हरा दिया। आयोजक रितिक अधिकारी, दीपक गोस्वामी ने अतिथियों का आभार जताया। वहां मौजूद नवीन सिंह अधिकारी समेत कई लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।