अल्मोड़ा। टिहरी से हल्द्वानी जा रही शराब का पेटियों को गायब करने के मुख्य आरोपी ट्रक चालक को पुलिस ने हिमाचल प्रदेश में चीन-नेपाल सीमा से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से तीन लाख 91 हजार की नगदी भी बरामद की गई।
उल्लेखनीय है कि एक दिसंबर को विंदेश्वरी एक्जिम प्राइवेट लिमिटेड बाटलिंग प्लांट डडुआ टिहरी गढ़वाल से ट्रक संख्या यूके 07 सीए 8933 से चालक विजय जोशी उर्फ पप्पू पुत्र महेश चंद्र जाशी निवासी शेर विजयपुर चमोली 450 पेटी अंग्रेजी शराब लेकर हल्द्वानी के लिए रवाना हुआ था। निर्धारित समय पर ट्रक हल्द्वानी नहीं पहुंचा, बाद में लावारिस हालत में ट्रक द्वाराहाट से बरामद हुआ।
आठ दिसंबर को कंपनी के अधिकारी अनुपम सेमवाल पुत्र महावीर प्रसाद सेमवाल निवासी कपूर फर्म सेमाल, गुमानी वाली ऋषिकेश ने द्वाराहाट थाने में तहरीर दी। चालक विजय के विरुद्ध शराब गायब कर वाहन को लावारिस छोड़ने पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में शिथिलता बरतने पर पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने द्वाराहाट थानाध्यक्ष को निलंबित भी कर दिया था।
बीते 11 दिसंबर को पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनसे 450 पेटी में से 390 पेटी शराब बरामद की गई थी। इधर एसएसपी पीएन मीणा के निर्देश पर पुलिस ने मुख्य आरोपी चालक विजय को गिरफ्तार कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पुलिस टीम ने एसओजी और सर्विलांस की मदद से हिमाचल के किन्नौर जिले के कस्बे स्पिलौ में एक गेस्ट हाउस से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड के अंतर्गत उसे रानीखेत मजिस्ट्रेट न्यायिक पेश कर जेल भेजा गया। पुलिस टीम में द्वाराहाट प्रभारी थानाध्यक्ष एसआई गौरव जोशी, एसओजी एसआई मोहन सोन, कांस्टेबल कविंद्र मेहरा आदि शामिल थे।