फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Almora News: महेश नेगी की फेसबुक पोस्ट से द्वाराहाट में हलचल

विज्ञापन
विज्ञापन
अल्मोड़ा। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में अब एक साल से भी कम समय बचा है। इसी बीच अल्मोड़ा जिले की द्वाराहाट विधानसभा की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। 22 दिसंबर को मुख्यमंत्री के रानीखेत दौरे के दौरान मंच पर बैठने को लेकर हुआ विवाद अभी थमा भी नहीं था कि पूर्व विधायक महेश नेगी की सोशल मीडिया पोस्ट ने सियासी चर्चाओं को और तेज कर दिया है।
विज्ञापन

महेश नेगी की ओर से फेसबुक पर लिखे गए बाय-बाय द्वाराहाट को राजनीतिक संकेत के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकार इस पोस्ट को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव से जोड़कर देख रहे हैं और इसके कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, नेगी का यह रुख भाजपा से चुनाव लड़ चुके अनिल शाही से चल रहे लंबे समय के मनमुटाव से भी जोड़ा जा रहा है। दोनों नेताओं के बीच मतभेद काफी समय से सार्वजनिक चर्चा का विषय बने हुए हैं। गौरतलब है कि दो दिन पहले महेश नेगी ने फेसबुक लाइव के माध्यम से भी अपनी मन की बात रखी थी जिसमें उन्होंने बिना नाम लिए इशारों-इशारों में अनिल शाही पर निशाना साधा था। ताजा पोस्ट के बाद राजनीतिक हलकों में अटकलों का दौर तेज हो गया है। लोग इसे महेश नेगी के आगामी सियासी कदमों की भूमिका के रूप में देख रहे हैं। हालांकि अभी तक इस पूरे मामले पर महेश नेगी की ओर से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।
महेश नेगी वर्ष 2017 से 2022 तक द्वाराहाट विधानसभा से विधायक रहे। उन्होंने इस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मदन सिंह बिष्ट को हराया था। बाद में भाजपा ने उनका टिकट काटकर प्रदेश विभाग प्रभारी और उत्तराखंड पलायन आयोग के सदस्य अनिल शाही को प्रत्याशी बनाया था। वह चुनाव हार गए थे। इसके बाद से ही दोनों नेताओं के बीच रिश्तों में खटास बनी हुई है। विवाद के चलते दोनों पक्षों के समर्थक भी सोशल मीडिया पर एक-दूसरे पर तंज कसते नजर आ रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि वर्तमान ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेश नेगी और अनिल शाही, दोनों ही आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रबल दावेदार हैं। यही वजह है कि उनके बीच प्रतिस्पर्धा और तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में दोनों नेताओं से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनसे बातचीत नहीं हो सकी।
विज्ञापन


भावुकता से भी जोड़ी जा रही है महेश नेगी की पोस्ट
महेश नेगी की सोशल मीडिया पोस्ट पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे भावनात्मक फैसला बता रहे हैं जबकि कुछ लोग उन्हें निर्दलीय चुनाव लड़ने की सलाह भी दे रहे हैं। नेगी और शाही के विवाद पर अभी तक भाजपा के किसी वरिष्ठ नेता की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

द्वाराहाट में नेगी और शाही की सक्रियता तेज
भाजपा नेता महेश नेगी और अनिल शाही दोनों की द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र में सक्रियता लगातार बढ़ती दिख रही है। दोनों नेता अपने व्यस्त कार्यक्रमों के बावजूद जनता के बीच जाकर समस्याएं सुन रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट किसे मिलेगा इसका फैसला पार्टी हाईकमान को करना है लेकिन दोनों नेताओं के बीच जारी खींचतान को लेकर विपक्षी दल चटकारे लेते नजर आ रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें