धारानौला में रसोई गैस के लिए लाइन में खड़े उपभोक्ता।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में इन दिनों रसोई गैस का संकट पैदा हो गया है। प्लांट से सिलेंडर कम आने कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा समस्या ग्रामीण इलाकों में हो रही है। जहां पिछले काफी दिनों रसोई गैस वाहन नहीं पहुंच रहा है। डिमांड से काफी कम गैस सिलेंडर पहुंचने के कारण एजेंसियों द्वारा नगर में ही सीमित रूप से आपूर्ति कराई जा रही है।
चौघानपाटा स्थित अल्मोड़ा गैस सर्विस से प्रतिमाह 13 हजार सिलेंडर वितरित किए जाते हैं लेकिन इस माह अब तक 6800 सिलेंडर ही पहुंचे हैं। जिससे बैकलॉग 6500 हजार से ऊपर पहुंच गया है। नगर में ही आपूर्ति कम होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में तो गैस पहुंच ही नहीं रही है। धारानौला गैस एजेंसी के प्रबंधक रमेश पांडे ने बताया कि धारानौला गैस एजेंसी में 7500 हजार सिलेंडरों की डिमांड है लेकिन 3400 गैस सिलेंडर ही पहुंचे हैं। फिलहाल एक परिवार को एक सिलेंडर देने का प्रयास किया जा रहा है।
अल्मोड़ा गैस एजेंसी के प्रबंधक राजीव कुमार ने बताया कि प्लांट से गैस की कमी के चलते यह दिक्कत हो रही है। इस संबंध में ऊपर अधिकारियों से बातचीत की गई है उन्होंने बताया कि कुछ दिनों में स्थिति सामान्य हो जाने की उम्मीद है।