बिना अनुमति के मौलेखाल बाजार में खोदी गई सड़क। (संवाद)
- फोटो : ALMORA
मौलेखाल (अल्मोड़ा)। हर घर नल हर घर जल योजना में मौलेखाल में भी जल निगम के माध्यम से पेयजल लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। परंतु जल निगम के अधीन कार्य कर रहे ठेकेदार ने पाइप लाइन बिछाने के लिए बिना अनुमति के ही मौलेखाल बाजार में सड़क के दोनों ओर खोदाई कर दी है। लोनिवि के अधिकारियों ने लाइन बिछाने का कार्य बंद करवा दिया और जल निगम को नोटिस भेजकर सड़क को पहुंचाई गई क्षति की भरपाई करने को कहा है।
जल निगम के अधीन कार्य कर रहे ठेकेदार ने बिना अनुमति के मौलेखाल बाजार की सड़क में दोनों ओर खोदाई कर दी। सूचना मिलने पर लोनिवि के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पाइप लाइन बिछाने का कार्य रुकवा दिया। लोनिवि के कनिष्ठ अभियंता ललित बिष्ट ने बताया कि ठेकेदार ने रामनगर-डोटियाल मार्ग पर मौलेखाल बाजार में सड़क दोनों ओर से खोद डाली है। इसको लेकर विभाग की ओर से जल निगम को नोटिस भेजा गया है और सड़क को पहुंचाई गई क्षति की भरपाई करने के लिए कहा गया है। कनिष्ठ अभियंता का कहना है कि कार्य करने के लिए लोनिवि से अनुमति लेना जरूरी है।