01grd01p रोलियाना लोहा गढ़ी में स्टील गार्डर पुल की सामग्री नदी में समाई
- फोटो : GARUD
गरुड़ (बागेश्वर)। गोमती नदी के एकाएक उफान भरने से रौल्याना (लोहागढ़ी) में निर्माणाधीन स्टील गर्डर ब्रिज की लाखों रुपये की निर्माण सामग्री नदी में बह गयी। इससे ठेकेदार को 15 लाख रुपये की क्षति पहुंची है। निर्माणाधीन स्टील गर्डर ब्रिज के ठेकेदार मनोहर सिंह गढ़िया ने डीएम और पीएमजीएसवाई के ईई को पत्र भेजा है। इसमें बताया गया है कि बृहस्पतिवार शाम लाहुरघाटी में तेज बारिश होने के कुछ देर बाद गोमती नदी के उफान भरने से स्टील गर्डर ब्रिज बनाने के लिए रखा गया सरिया, शटरिंग, प्लेट, मिक्स्चर मशीन, वाइब्रेटर, लेबर कैंप आदि सामग्री नदी में समा गयी। इस कारण पुल निर्माण कार्य बंद हो गया है। पीएमजीएसवाई खंड के ईई राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि विभाग क्षति का आकलन कर रहा है। इसकी रिपोर्ट कुछ ही दिनों में डीएम कार्यालय के माध्यम से शासन को भेजी जाएगी।