ंद पड़ा बेस अस्पताल का जन औषधी केंद्र।
- फोटो : अमर उजाला
बेस अस्पताल में स्थित जन औषधि केंद्र पिछले पांच दिनों से बंद पड़ा है। जिससे रोगियों को सस्ती दवाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। बताया गया है कि जन औषधि केंद्र में तैनात फार्मासिस्ट के अवकाश में होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
बता दें कि अल्मोड़ा बेस अस्पताल में रेडक्रॉस सोसाइटी के तहत जन औषधि केंद्र का संचालन हो रहा है, लेकिन फिलहाल इसका लाभ आम रोगियों को अधिक नहीं मिल पा रहा है। बेस अस्पताल के जन औषधि केंद्र की अव्यवस्थाओं को लेकर बार-बार शिकायतें मिलती रही हैं। यह भी आरोप है कि कुछ डॉक्टर जन औषधि केंद्र की दवाएं नहीं लिखते हैं। इसे देखते हुए जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने इस केंद्र की देखरेख के लिए एक समिति भी गठित की है। इधर बीते पांच दिनों से जन औषधि केंद्र में ताले लटके हैं और लोगों को वहां से सस्ती दवाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। इधर बेस अस्पताल के पीएमएस डॉ.एचसी गड़कोटी ने बताया कि बेस अस्पताल के जन औषधि केंद्र का संचालन रेडक्रॉस सोसाइटी के तहत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वहां तैनात फार्मासिस्ट के अवकाश में होने के कारण फिलहाल 19 तक जन औषधि केंद्र बंद रहने की जानकारी मिली है। इधर रोगियों ने जन औषधि केंद्र को नियमित खोलने और वहां पर्याप्त दवाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।