निरीक्षण के दौरान द्वाराहाट में सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रेते अधिकारी और सस्ता गल्ला विक्रेता?
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। कोरोना वायरस को लेकर चल रहे लॉकडाउन का पालन अब लोग करने लगे हैं। रानीखेत के बाजार में लोगों में अफरातफरी का माहौल नहीं है। सुबह सात से दोपहर एक बजे तक दी गई ढील में भी लोग बाजारों में कम पहुंच रहे हैं। सामान खरीदने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन हो रहा है। हालांकि नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम मुस्तैदी से जुटी हुई है।
रानीखेत में शनिवार को लोगों ने घरों में रहकर लॉकडाउन का पूर्णतया पालन किया, नगर का बाजार हो या कस्बे का, कहीं भी अफरा-तफरी का माहौल नहीं दिखा। लोग दुकानों से सामान खरीदते वक्त सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रख रहे हैं। शनिवार को भी ढील का समय सुबह सात से दोपहर एक बजे निर्धारित था। लेकिन सब्जी, फल और किराना की दुकानों पर खास भीड़ नहीं थी। दवाई की दुकानों में भी लोग एक एक मीटर के फासले पर खड़े होकर बारी का इंतजार करते देखे गए। बाजार में घूमने वाले असहाय, विक्षिप्त लोगों को पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से खाना खिलाया। लावारिस जानवर भटकते देखे गए। पुलिस की अलग अलग टीमें पूरे क्षेत्र में तैनात रही। चौपहिया वाहन स्वामियों को पुलिस की कड़ी फटकार से होकर गुजरना पड़ा। कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि लॉकडाउन के नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।
कैंट ने नगर को फिर किया सैनिटाइज
रानीखेत। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए छावनी परिषद ने सुबह पूरे क्षेत्र को सैनिटाइज किया, फॉगिंग मशीन से पूरे बाजार में कीटनाशक का छिड़काव किया। बाद में बाजार के नालों, छोटी नालियों में ब्लीचिंग आदि कीटनाशक भी डाला।