बागेश्वर। जिले में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। मलबा और बोल्डर आने से 18 सड़कें बंद हो गई थीं जिनमें से प्रशासन ने सात मार्गों को यातायात के लिए खोल दिया है। जिले में 11 ग्रामीण सड़कें अब भी बंद हैं। संपर्क मार्ग बंद होने से कई गांवों के लोगों को पांच किलोमीटर तक पैदल सफर करना पड़ रहा है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी कार्यालय के अनुसार धैना-लखनी, खातीगांव-देवतोली, जैंसर-रियूनी लखमारा, चौंरा-भैरूचौबट्टा, कपकोट-पिंडारी ग्लेशियर, खड़लेख-भनार, बदियाकोट-बोरबलड़ा, कपकोट, बदियाकोट-कुंवारी, धरमघर-माजखेत और बड़ेत मोटर मार्ग बंद हैं। सड़कों के बंद होने से इन क्षेत्रों में रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
फटगली में मकान ढहा, परिवार को राहत सामग्री दी : बुधवार सुबह फटगली गांव में एक मकान भरभराकर ढह गया। हादसे में किसी तरह की जनहानि या पशुहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन और सामाजिक संगठनों की टीम मौके पर पहुंची। रेडक्रॉस सोसायटी के जिला सचिव आलोक पांडेय ने बताया कि पीड़ित परिवार को तिरपाल समेत अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।