अल्कोहल के अधिक सेवन और अनियमित खानपान के कारण अल्मोड़ा के लोगों में लीवर सिरोसिस बढ़ रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि इन रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। 20 फीसदी मामले युवाओं में देखने को मिले हैं।
मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक और फिजिशियन डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि ओपीडी में लीवर सिरोसिस के महीने में करीब 10 से अधिक रोगी आ रहे हैं। इनमें औसतन छह से अधिक युवा होते हैं। बताया कि यह एक गंभीर रोग है। इसमें लीवर की कोशिकाएं धीरे-धीरे नष्ट हो जाती हैं और उनकी जगह फाइब्रोसिस नामक स्कार टिश्यू बन जाता है जिसका एकमात्र इलाज ट्रांसप्लांट है।
लक्षण
थकान होना, मतली व भूख नहीं लगना, वजन का तेजी से कम होना, खून की उल्टी, पेट का फूलना अथवा पानी भरना, पेशाब के रास्ते से खून आना आदि।
बचाव
अल्कोहल और धूम्रपान का सेवन न करें, स्वस्थ आहार लें, नियमित व्यायाम करें, नियमित रूप से लीवर की जांच कराएं, वायरल हेपेटाइटिस के लिए वैक्सीन लें, हेपेटाइटिस बी और सी के लिए जांच कराएं।
लीवर सिरोसिस के रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ रही हैं। जिले में हर साल औसतन 40 से अधिक रोगी लीवर सिरोसिस के निकल रहे हैं, जिनका भर्ती करके उपचार किया जा रहा है।
-डॉ. आरसी पंत, सीएमओ अल्मोड़ा