अल्मोड़ा। लीसे के भुगतान की मांग को लेकर लीसा श्रमिक संगठन का प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय में चल रहा धरना शनिवार को नौवें दिन भी जारी रहा। लीसा श्रमिकों और ठेकेदारों ने नारेबाजी कर विरोध जताया।
धरना स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने लीसा श्रमिकों, ठेकेदारों को 2015-16 का भुगतान जल्द करने की मांग की। उन्होंने भुगतान नहीं होने पर 12 फरवरी को प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय अल्मोड़ा, प्रभागीय वनाधिकारी सिविल एवं सोयम वन प्रभाग, वन संरक्षक उत्तरी कुमाऊं वृत के कार्यालयों में तालाबंदी करने का एलान किया।
उन्होंने कहा कि पांच साल बीत जाने के बाद भी वन विभाग के किसी भी उच्च अधिकारियों द्वारा समस्या का समाधान नहीं किया गया। वन विभाग की लापरवाही के कारण श्रमिकों के परिवार भुखमरी के कगार पर हैं। वन विभाग द्वारा पांच साल से भुगतान रोकने के कारण लीसा श्रमिकों की स्थिति खराब होते जा रही है।
धरने पर हरीश पांडे, सरपंच संगठन जिलाध्यक्ष पीसी जोशी, दिगंबर बिष्ट, राजेंद्र किरौला, सुरेंद्र बेलवाल, राधा बल्लभ, कुंदन परिहार, प्रभा देवी, ललित मोहन, शिव सिंह, जगत सिंह, चेतन जोशी, कुशाल सिंह चिलवाल, जगदीश सिंह राणा आदि बैठे। इधर द्वाराहाट के के पूर्व ब्लाक प्रमुख राजेंद्र किरौला ने धरने को समर्थन दिया है।