सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। बारिश के कारण सोमेश्वर और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति करने वाली 11 केवी की लाइन में खराबी आने से क्षेत्र के करीब 50 गांवों बृहस्पतिवार को सुबह 10:40 बजे से बिजली गुल है। विद्युत कर्मी देर शाम तक फाल्ट नहीं ढूंढ सके हैं। इससे व्यापारियों के साथ ही लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश से सोमेश्वर घाटी क्षेत्र के गांवों को बिजली आपूर्ति करने वाली 11 केवी की बिजली लाइन में बृहस्पतिवार को सुबह 10:40 बजे फाल्ट आ गया। जिससे सोमेश्वर कस्बे के अलावा भैसड़गांव, भूलगांव, महरागांव, बनौड़ा, मनान, रनमन, टाना, अर्जुनराठ, भाना राठ, मल्लाखोली, रतुराठ समेत करीब 50 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली के अभाव में दुकानदारों के साथ ही स्थानीय लोगों को परेशानी से जूझना पड़ रहा है। बैंकों और सरकारी कार्यालयों में जनरेटर से काम चलाना पड़ा।
लाइन में खराबी आने की सूचना मिलने के बाद ऊर्जा निगम के कर्मचारी फाल्ट ढूंढने लगे हुए हैं। विभाग के अवर अभियंता खुशाल सिंह नेगी ने बताया कि काफी पेट्रोलिंग के बाद भी फाल्ट नहीं मिल सका है। कर्मचारी लाइन में आए फाल्ट को ढूंढने में लगे हैं। फाल्ट मिलने के बाद लाइन दुरुस्त की जाएगी। संवाद