रानीखेत (अल्मोड़ा)। जवाहर नवोदय विद्यालय ताड़ीखेत में आयोजित एनसीसी प्रशिक्षण शिविर में मंगलवार को कर्नल जीतेन्द्र शर्मा ने पहुंचकर कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी ली और कैडेट्स की तैयारियों की सराहना की।
कर्नल शर्मा ने कहा कि एनसीसी युवाओं को केवल सैन्य प्रशिक्षण ही नहीं देती, बल्कि उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति की भावना भी विकसित करती है। उन्होंने कैडेट्स को प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने और जीवन में अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान कैडेट्स ने ड्रिल, फील्ड क्राफ्ट और शारीरिक प्रशिक्षण सहित विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में कर्नल पीवी कुलकर्णी, अनुराधा शर्मा, सूबेदार दीपेंद्र सिंह, लाखन सिंह राणा और पंकज श्रीवास्तव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।