अल्मोड़ा। छात्र संख्या के मामले में जिले भर में दूसरे नंबर के जीआईसी खूंट में पानी जबरदस्त संकट बना है। एक माह से विद्यालय की पेयजल आपूर्ति ठप है। ऐसे में यहां पढ़ने वाले 400 बच्चे घर से बोतल में पानी लाकर प्यास बुझा रहे हैं। भोजन माता एक किमी दूर से पानी ढोकर मिड डे मील तैयार कर रही हैं। शिकायत के बाद भी जल संस्थान विद्यार्थियों की सुध नहीं ले रहा है। प्रधानाचार्य माधव सिंह बिष्ट ने कहा इस मामले में जल संस्थान को शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।
शौचालयों का उपयोग भी हुआ बंद
अल्मोड़ा। एक माह से पेयजल आपूर्ति ठप होने से बच्चे शौचालयों का प्रयोग भी नहीं कर पा रहे हैं। शौचालयों में सफाई के लिए पानी की बूंद नहीं है। ऐसे में छात्र-छात्राओं के साथ ही शिक्षक शौच के लिए जंगलों की दौड़ लगाने को मजबूर हैं।
जीआईसी खूंट में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा है तो जल्द ही टीम मौके पर भेजी जाएगी। जल्द व्यवस्था में सुधार होगा।
अरुण कुमार सोनी, ईई, जल संस्थान, अल्मोड़ा।