पिछले कुछ दिनों से प्याज के दाम आसमान छूने लगे हैं। पिछले करीब एक सप्ताह से प्याज 60 रुपये किलो में बिक रहा है। इस कीमत में प्याज आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गया है।
यहां तक कि मध्यम वर्ग के लोग भी प्याज से परहेज करने लगे हैं। दूसरी तरफ बाजार में 60 रुपये किलो में सेब भी बिक रहा है। अनेक लोगों का यह भी कहना है कि 60 रुपये में प्याज के बजाय एक किलो सेब का स्वाद क्यों न लिया जाए।
दाम बढ़ने के बाद इन दिनों प्याज की खपत आधे से भी कम हो गई है। यहां चौक बाजार के सब्जी विक्रेता तारा चंद्र कांडपाल ने बताया कि पहले जहां दिन भर में 40 किलो प्याज बिक जाता था, लेकिन इन दिनों कीमत बढ़ने से मुश्किल से 10-12 किलो बिक रहा है।
अनेक लोगों ने प्याज खरीदना ही बंद कर दिया है। दूसरी तरफ बाजार में पहाड़ी कद्दू, लौकी, तुरई, शिमला मिच आदि सब्जियों के दाम भी 40 रुपये से अधिक चल रही है। खपत कम होने के बाद उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में प्याज के दाम गिर जाएंगे।