फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Almora News: कला वर्ग की मंजूरी नहीं, विज्ञान वर्ग में प्रवक्ता नहीं

Sat, 25 Feb 2023 11:26 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अल्मोड़ा
विज्ञापन
विज्ञापन
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। राजकीय कन्या इंटर कालेज पारकोट (बग्वालीपोखर) में शिक्षकों के अधिकांश पद रिक्त होने के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इंटरमीडिएट में कला वर्ग नहीं होने से अभिभावक छात्राओं को अन्यत्र भेजने को मजबूर हैं।
विज्ञापन

वर्ष 1964 में बना यह जूनियर हाईस्कूल वर्ष 2004 में हाईस्कूल और 2016 में इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग में उच्चीकृत हुआ। इसमें भी भौतिक विज्ञान और जीव विज्ञान के प्रवक्ताओं के पद लंबे समय से रिक्त चल रहे हैं। वर्ष 2014-15 से प्रधानाचार्य का पद भी रिक्त है। विद्यालय में पांच से छह किमी दूर से छात्राएं पढ़ाई के लिए आती हैं।
विद्यालय को इंटरमीडिएट में उच्चीकृत हुए सात साल हो गए हैं लेकिन यहां अभी तक इंटर कला वर्ग को मंजूरी नहीं मिली है। इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग में इस वर्ष छह छात्राएं सम्मिलित थी जिसमें सभी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुईं। इसमें भी दो छात्राएं ससम्मान उत्तीर्ण हुई। इस उपलब्धि पर शिक्षक दिवस पर विद्यालय को अल्मोड़ा में दीनदयाल उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया था जबकि विद्यालय में भौतिक विज्ञान और जीव विज्ञान के प्रवक्ता क पद रिक्त हैं। वहीं रसायन में अतिथि शिक्षक हैं। इसके अलावा एलटी में अंग्रेजी और विज्ञान विषय की शिक्षिकाएं नहीं हैं।
विज्ञापन

वर्तमान में प्रभारी प्रधानाचार्य के पद पर दीपा कबडोला कार्यरत हैं। वर्तमान में यहां 11वीं कक्षा विज्ञान वर्ग में पांच और 12वीं में छह छात्राएं अध्ययनरत हैं। अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने इस सत्र में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने और विद्यालय को इंटर कला वर्ग की मान्यता देने की मांग की है। वर्तमान में यहां कुल 107 छात्राएं अध्ययनरत हैं।

किसी भी विद्यालय को उच्चीकृत करने के मानक होते हैं। प्रवक्ता और शिक्षकों के पद रिक्तियों की सूचना लगातार शासन को भेजी जाती हैं। उम्मीद है कि शीघ्र ही पद भर दिए जाएंगे। - एसएस बिष्ट, बीईओ, द्वाराहाट।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें