सोमेश्वर तहसील के अंतर्गत मनान के पास खेतों की तारबाड़ में एक तेंदुआ फंस गया। सूचना मिलने पर वन कर्मी मौके पर पहुंच गए और करीब साढ़े तीन घंटे बाद तेंदुए को बेहोश करके रेस्क्यू सेंटर अल्मोड़ा भेजा गया।
तेंदुए को देखने लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान सड़क में कुछ देर जाम भी लग गया।
बृहस्पतिवार की सुबह मनान निवासी कृष्ण चंद्र सोमेश्वर-अल्मोड़ा रूट में मनान के पास स्थित अपने खेत में गए। इस दौरान उन्होंने खेतों की तारबाड़ में एक तेंदुए को फंसा देखा। उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलने के आधे घंटे बाद वन कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने तेंदुए को बेहोश करके तारबाड़ से निकाला और पिंजरे में रखकर अल्मोड़ा रेस्क्यू सेंटर भेज दिया। इस दौरान तेंदुए को देखने वालों की भीड़ लग गई। इस कारण सोमेश्वर अल्मोड़ा रूट में कुछ देर तक जाम भी लग गया।
उप वन क्षेत्राधिकारी चंद्रशेखर भट्ट ने बताया कि तारबाड़ में फंसा तेंदुआ मादा है। जिसकी उम्र करीब चार वर्ष और लंबाई पांच फीट है। तेंदुए को तारबाड़ से निकालने वाली टीम में केवलानंद पांडे, वन क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार लोहनी, वन दरोगा गोपाल सिंह नयाल, वन रक्षक त्रिलोक सिंह कैड़ा, कुंदन सिंह बिष्ट, गिरधारी कांडपाल, भूपाल सिंह आदि शामिल थे।