रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत के फल्द्वाड़ी, मवड़ा सहित आसपास के गांवों में तेंदुए का दहशत से लोगों में डर है। तेंदुआ आए दिन दुधारू पशुओं को निशाना बना रहा है। इससे पशुपालकों की चिंता बढ़ गई है।
वन विभाग की ओर से गांव में स्थापित किए गए ट्रैप कैमरे में भी तेंदुए की सक्रियता पता नहीं चल रही है। मवड़ा गांव निवासी ललित भंडारी की बछिया को सोमवार रात तेंदुए ने गोशाला का दरवाजा तोड़कर मार डाला। पूर्व में भी तेंदुआ 12 से अधिक मवेशियों को अपना निवाला बना चुका है।
ग्राम प्रधान फल्द्वाड़ी सोनू आर्या ने बताया कि ग्रामीण दूध बेचकर आजीविका चलाते हैं लेकिन लगातार हो रहे नुकसान से परेशानी बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि पहले भी दिनदहाड़े तेंदुए ने महिलाओं पर झपटने का प्रयास किया था जिससे भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पिंजरा लगाने की मांग की है।