फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Almora News: चौखुटिया से धौलादेवी तक तेंदुओं का आतंक, ग्रामीणों में दहशत

Thu, 17 Sep 2026 12:05 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अल्मोड़ा
विज्ञापन
विज्ञापन
अल्मोड़ा/चौखुटिया। जिले के चौखुटिया और धौलादेवी क्षेत्र में तेंदुओं की सक्रियता ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। सिमलखेत में तेंदुए ने गाभिन गाय और एक बछिया को मार डाला जबकि कछियोला में बकरे को निवाला बना लिया।
विज्ञापन

चौखुटिया ब्लॉक की सिमलखेत ग्राम पंचायत के तलीखेड़ा में मंगलवार रात तेंदुए ने गोशाला का दरवाजा तोड़कर विमला देवी की गाभिन गाय को मार डाला। बुधवार को तेंदुए ने राधा देवी की बछिया को भी निवाला बना लिया। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में करीब नौ माह से तेंदुए का आतंक बना हुआ है। इस दौरान करीब एक दर्जन मवेशी तेंदुए का शिकार बन चुके हैं।
पूर्व प्रधान हीरा सिंह नेगी ने बताया कि ग्रामीण लंबे समय से तेंदुओं के आतंक से परेशान हैं। उन्होंने क्षेत्र में प्रभावी कार्रवाई की मांग की। ग्राम प्रधान आस्था नेगी ने भी तत्काल पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।
विज्ञापन

उधर धौलादेवी विकासखंड की ग्राम पंचायत कछियोला, सेली, बजेला, चल्थी और खटियोला में भी करीब एक साल से तेंदुए की सक्रियता बनी हुई है। बुधवार को कछियोला में तेंदुए ने चंदन सिंह के बकरे को मार डाला। ग्रामीणों के अनुसार कुछ दिन पहले तारादत्त भट्ट के घर के पास तीन तेंदुए दिखाई दिए थे। इसकी सूचना वन विभाग को देने के बावजूद अब तक पिंजरा नहीं लगाया गया है।
ग्राम प्रधान सुरेश भट्ट ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए रेंजर से कई बार पिंजरा लगाने का आग्रह किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

कोट
सिमलखेत में वन विभाग की टीम भेजी गई है और गश्त बढ़ाई जा रही है। जल्द ही पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी। - उमेश पांडे, रेंजर, चंथरिया रेंज

इस क्षेत्र में ट्रैप कमरे लगाए गए हैं। लेकिन अभी तक तेंदुए की कोई गतिविधि सामने नहीं आई है। अगर जरुरत पड़ी तो उच्चाधिकारियों से निर्देश मिलने पर पिंजड़ा भी लगाया जाएगा। - राजेश जोशी, रेंजर, जागेश्वर
-
कुशगांव में आपसी संघर्ष में डेढ़ साल की मादा तेंदुआ की माैत
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। जौरासी रेंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत भैल्टगांव के कुशगांव में बुधवार सुबह गांव के पास नाम भूमि में ग्रामीणों ने एक मादा तेंदुए को मृत पड़ा देखा। उसके शरीर पर कई स्थानों पर गहरे घाव थे। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत तेंदुए को कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय पहुंचाया।
वन क्षेत्राधिकारी जौरासी आशुतोष जोशी ने बताया कि सुबह कुशगांव में तेंदुए के मृत पड़े होने की सूचना मिली थी। विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए को कब्जे में लिया और रेंज कार्यालय लाया। उन्होंने बताया कि तेंदुए की गर्दन पर काफी गहरे घाव थे और खून बह रहा था। पोस्टमार्टम में मौत का कारण आपसी संघर्ष सामने आया है। वन क्षेत्राधिकारी के अनुसार मृत तेंदुआ मादा थी और उसकी उम्र करीब डेढ़ वर्ष थी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें