पिनाथ के जंगल में बकरियां चरा रही वृद्धा पर तेंदुए ने हमला कर दिया। शोर
मचाने पर तेंदुआ भाग गया। जख्मी महिला ने बैजनाथ अस्पताल में इलाज कराया।
ग्रामीणों के अनुसार कांटली गांव के रौल्याणा तोक निवासी दौलतराम की पत्नी
परुली देवी (60) बकरियां चराने के लिए पिनाथ के जंगल में गई थीं। यहां
दोपहर के समय अचानक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। परुली देवी वहां अकेली
थी। उनके शोर मचाने पर तेंदुआ भाग गया। जख्मी हालत में वह जैसे-तैसे घर
पहुंचीं। परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ ले गए।
महिला के हाथों में 12 टांके लगाए गए हैं।
अलबत्ता वह खतरे से बाहर हैं।
तेंदुए के हमले के बाद गांव में दहशत है। ग्रामीणों ने तेंदुए के आदमखोर
होने की आशंका व्यक्त करते हुए वन विभाग से उसे पकड़ने की मांग की है।