अल्मोड़ा। चौखुटिया ब्लॉक के जीआईसी धामदेवल में प्रवक्ताओं के स्थायी पद रिक्त होने से करीब 60 विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यालय में प्रवक्ताओं के 10 स्वीकृत पदों में से केवल तीन पर स्थायी तैनाती है। बायोलॉजी, भूगोल और अर्थशास्त्र के प्रवक्ता ही कार्यरत हैं। हिंदी, अंग्रेजी, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, राजनीति शास्त्र, गणित और संस्कृत के पद रिक्त हैं।
सहायक अध्यापकों के सभी स्वीकृत पदों पर शिक्षक तैनात हैं, लेकिन विज्ञान विषय में दो शिक्षक होने से विषय विसंगति बनी हुई है। वहीं प्रधानाचार्य का पद भी रिक्त है और वरिष्ठ प्रवक्ता को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इससे उन पर प्रशासनिक कार्यों का अतिरिक्त बोझ है।
विद्यालय में रिक्त प्रवक्ता पदों पर स्थायी नियुक्ति की मांग को लेकर अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने विभाग से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने विषय विसंगति दूर करने और स्थायी प्रधानाचार्य नियुक्त करने की भी मांग उठाई।
विद्यालय में केवल तीन स्थायी प्रवक्ता तैनात हैं। अन्य विषयों का शिक्षण कार्य अतिथि शिक्षकों से लिया जा रहा है। विज्ञान विषय में दो सहायक अध्यापक तैनात है। शिक्षकों की स्थायी नियुक्ति सहित विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए विभाग को अवगत कराया गया है। -देवल कुमार मंडल, प्रभारी प्रधानाचार्य, जीआईसी धामदेवल