जैंती तहसील के पितना गांव में शुक्रवार सायं तेंदुए द्वारा एक तीन वर्षीयबच्चे को निवाला बनाने के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। गांव में वन विभाग ने दो पिंजरे लगाए हैं लेकिन तेंदुआ पिजरों के आसपास नहीं फटक रहा है। रात में गांव के ही समीप तेंदुए की गुर्राने की आवाज सुनाई देने से ग्रामीण दहशत में हैं। तेंदुए को भगाने के लिए रात में वन कर्मियों ने एक राउंड हवाई फायर भी की।
तेंदुए द्वारा एक बच्चे को उठा ले जाने के बाद पितना समेत आसपास के टिकर चुपड़ा, धारीगाड़, जेई सिमैला, फटक्वालडुंगरा, द्योली, बसंतपुर आदि गांवों में दहशत का माहौल है। शाम होते ही तेंदुए के भय से लोग घरों में दुबक जा रहे है। इन गांवों के अधिकांश बच्चे जंगलों के रास्ते स्कूल को जाते हैं। तेंदुए के आतंक के कारण बच्चों की जान को भी खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार शाम को गांव के समीप ही तेंदुआ दिखाई दिया।
वन विभाग द्वारा तेंदुए को पकड़ने के लिए क्षेत्र में दो पिंजरे लगाए गए हैं। एक पिंजरा वहां पर लगाया गया है जहां पर तेंदुआ बच्चे के शव को नोच रहा था। दूसरा पिंजरा गांव के एक गधेरे के पास लगाया गया है लेकिन तेंदुआ पिंजरे के आसपास नहीं फटक रहा है। वन कर्मियों की टीम गांव में डेरा जमाए हुए है।
पितना गांव निवासी बसंती देवी ने बताया कि तेंदुए के भय से महिलाएं चारा और लकड़ी लेने जंगल नहीं जा रही हैं। पहले भी तेंदुआ क्षेत्र में कई मवेशियों को निवाला बना चुका है। इधर डीएफओ रमेश चंद्रा ने बताया कि शनिवार रात तेंदुआ गांव के समीप गुर्रा रहा था। वन कर्मियों ने उसे भगाने के लिए एक राउंड हवाई फायर भी किया। मृतक बच्चे के परिवार को विभाग द्वारा देय तीन लाख रुपए की सहायता स्वीकृत कर दी गई है। सोमवार को यह धनराशि दे दी
जैंती। पितना गांव में तीन वर्षीय बालक प्रमोद उर्फ लक्की की मौत पर कई लोगों ने दु:ख जताया है।
विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल के अलावा मल्ला सालम के जिला पंचायत सदस्य नंदन राम आर्या, तल्ला सालम जिला पंचायत सदस्य दिनेश कुंजवाल, ब्लाक प्रमुख कमला आर्या, पूर्व ब्लाक प्रमुख महेंद्र मेर, श्याम नारायण पांडे, रमेश बहुगुणा, त्रिलोक रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष हरीश बोरा, दीपक फर्त्याल, कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष दीवान सतवाल, सुभाष पांडे आदि ने शोक व्यक्त किया है।