फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महिलाओं ने झोड़े के माध्यम से बयां की पीड़ा

Sat, 14 Apr 2018 11:23 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो  द्वाराहाट (अल्मोड़ा)।
विज्ञापन
सांस्कृतिक झांकियां निकालते विद्यालयों के बच्चे - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

पाली पछाऊं के ऐतिहासिक स्याल्दे बिखोती मेले के दूसरे दिन बट पुजै (रास्ते का निमंत्रण) मेला आयोजित किया गया।  नौज्यूला धड़े ने सात जोड़े नगाड़े निशानों के साथ ओड़ा भेटने की रस्म निभाई। इससे पूर्व स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक झांकियां निकाली। महिलाओं ने तमाम झोड़ों के माध्यम से पीड़ा को बयां किया। देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम जारी रहे। 

विज्ञापन


बटपुजै मेले में नौज्यूला धड़े की ओर से सात जोड़े नगाड़े निशानों में शामिल सैकड़ों लोगों ने हुड़के की थाप, रणसिंग की धुनों तथा श्रंकार नृत्य करते हुए ओड़ा भेटने की रस्म निभाई। इसमें हाट, बमनपुरी, सलालखोला, तल्ली कहाली, कौंला, भुमकिया और भ्याड़ी के ग्रामवासियों सहित सैकड़ों लोगों ने भागीदारी की।

ओड़ा भेटने के बाद महिलाओं ने तुम बताओ नेता जी हम कथाहां जूं, गुणी, बानरों लै हमरि उजाड़ि है छौ गौं। पहाड़ाका दाज्यू न पियो शराबा जैसे झोड़ों का गायन किया। शीतलापुष्कर मैदान में महिलाओं ने झोड़ा गायन किया। इससे पूर्व सुबह सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों ने कलश यात्रा, होली, फूलदेई, विवेकानंद इंटर कालेज ने इंडियन आर्मी, नेवी, भारत माता की और दूनागिरि माडर्न जूनियर हाइस्कूल के बच्चों ने देवीधूरा की बग्वाल से संबंधित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विज्ञापन


झांकियों का नेतृत्व सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष विमल शाह, खजान जोशी, कैलाश भट्ट आदि ने किया। झांकियां रानीखेत रोड, घटगाड़ होते हुए मुख्य चौराहे से शीतलापुष्कर मैदान पहुंची। मेले के लिए बाहर से आए लोगों ने दुकानें सजाई हैं। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष विमला शाह, विधायक महेश नेगी, पूर्व विधायक मदन बिष्ट, पुष्पेश त्रिपाठी, हेम रावत, नारायण रावत, विमल शाह, गिरीश चौधरी, युगल किशोर, आशीष वर्मा आदि थे।
 
ग्रामीणों ने ढोल, नगाड़े, निशाणों के साथ शिरकत की

मेले के तहत शुक्रवार रात विमांडेश्वर बिखोती मेले में 13 गांवों के ग्रामीणों ने ढोल, नगाड़े, निशाण लेकर झोड़ा, चांचरी गाते हुए मेले में शिरकत की। रात्रि अपने-अपने गांवों से नगाड़े, निशाण, ढोल दमाऊ, रणसिंघों की गर्जना करते हुए ग्रामीण मंदिर परिसर पहुंचे। रणां, सिमलगांव, नैंणी, बेढुली, बनोली, असगोली, वलना, बसेरा, छतगुल्ला, तल्ली कहाल, बूंगा, सलना, कुई के नगाड़े निशाण शामिल हुए।

स्थानीय विद्यालयों के बच्चों ने देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। लोक गायक प्रकाश कहाला के नेतृत्व में पहुंची सांस्कृतिक टीमों ने भी दर्शकों का जमकर मनोरंजन किया। सुबह सुरभि नंदिनी और गुप्त सरस्वती के संगम तट पर स्नान कर पूजा अर्चना भी की। वहां बिखोती मेला कमेटी अध्यक्ष रमेश पुजारी आदि थे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।


17 अप्रैल को खुली रहेगी द्वाराहाट बाजार 

स्याल्दे बिखोती मेले को देखते हुए व्यापार मंडल ने 17 अप्रेल मंगलवार की साप्ताहिक बंदी को रद्द किया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष आशीष वर्मा ने बताया कि मंगलवार को बाजार खुली रहेगी।

चार हुड़दंगियों को हिरासत में लिया 

मेले में शांति व्यवस्था बनाने के लिए तैनात थाना पुलिस ने मेले के दूसरे दिन शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले चार शराबियों को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने कहा कि मले में किसी भी तरह की अशांति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें