बैना गांव की संगोष्ठी में मौजूद किसान व बागवान। संवाद
रानीखेत (अल्मोड़ा)। तहसील अंतर्गत ग्राम बैना में उद्यान विभाग की ओर से फार्म ट्रेनिंग स्कूल योजना के तहत प्रगतिशील काश्तकारों और बागवानों के लिए एक दिवसीय गोष्ठी आयोजित हुई। मुख्य वक्ता उद्यान विशेषज्ञ डॉ. रमेश सिंह बिष्ट ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में चकबंदी का अभाव बड़ी समस्या है। उन्होंने कहा कि चकबंदी के अभाव में पहाड़ में खेती बिखरी और असुरक्षित है। उन्होंने कहा कि सामूहिक खेती को अपनाकर जंगली जानवरों से फसल को होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है। इससे उत्पादन बढ़ेगा और जोखिम भी घटेगा।
उद्यान प्रभारी विजय कुमार ने कहा कि विभाग किसानों को उन्नत किस्मों की पौध, जैविक खाद और तकनीकी प्रशिक्षण मुहैया करा रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे विभागीय योजनाओं का लाभ लें और सामूहिक रूप से खेती कर क्षेत्र को कृषि आधारित रोजगार में आत्मनिर्भर बनाएं। कार्यक्रम में नारायण सिंह, नंदन सिंह, गोपाल अधिकारी, नरेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, बालम सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान, बागवान व स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।