फोटो विवरण-25एएलएम 09पी- ग्राम पंचायत मैचोड़ में रेस्क्यू अभियान चलाती एसडीआरफ की टीम। स्रोत:
अल्मोड़ा। ग्राम पंचायत मैचोड़ के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पास दीवार निर्माण के दौरान अचानक भू-धंसाव हो गया। इससे दीवार गिर गई जिससे मलबे में दबने से मजदूर की मौत हो गई जबकि दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। एसडीआरएफ ने मजदूरों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हवालबाग विकासखंड के मैचोड़ में आवासीय भवन के पीछे रास्ते से लगी दीवार बनाई जा रही थी। मंगलवार दोपहर अचानक भू-धंसाव होने से दीवार और मलबा नीचे आ गिरा। वहां काम कर रहे मजदूर हवालबाग के कत्यूरा निवासी आनंद राम (40) पुत्र मोहन राम, मैचोड़ निवासी कृष्ण कुमार मेहता (38) पुत्र मोहन सिंह और उसकी पत्नी भावना मेहता (32) मलबे में दब गई। मौके पर मौजूद एक मजदूर ने भागकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, फायर सर्विस टीम अल्मोड़ा और कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
टीमों ने मलबे में दबे तीनों लोगों को बाहर निकाला। तब तक आनंद राम की मौत हो चुकी थी जबकि दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को 108 एंबुलेंस से बेस अस्पताल अल्मोड़ा पहुंचाया गया जहां उनका उपचार चल रहा है।