समाज सेवी और शिक्षाविद् स्व. मधु खाती को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए कूर्मांचल एकेडमी परिवार द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। विभिन्न संगठनों के लोगों ने कहा कि मधु खाती की असामयिक मौत शिक्षा जगत, समाज के लिए अपूर्णीय क्षति है। बाद में कूर्मांचल एकेडमी के बच्चों ने शहर में कैंडल मार्च निकाला।
भगवती पैलेस में हुए कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि मधु खाती ने जहां कूर्मांचल एकेडमी स्कूल के माध्यम से बच्चों को अच्छी शिक्षा देने की अलख जगाई। वहीं गरीब बच्चों को मुफ्त शिक्षा दिलाने के लिए काम किया। साथ ही समाज के उत्थान, खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हमेशा सक्रिय रही। उनका असामयिक निधन समाज के लिए अपूर्णीय क्षति है। इसकी भरपाई करना संभव नहीं है। संचालन आर्ट ऑफ लिविंग के कमल कपूर ने किया।
पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, पं. हेम कांडपाल, प्रधानाध्यापक केके पंत, विनोद भट्ट, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश बिष्ट, निरंकारी मिशन की नीलू चावला, आर्ट ऑफ लिविंग की वरिष्ठ शिक्षिका मीनू चंद्रा, कैलाश गिरि, डॉ. इला साह, डीके जोशी, प्रो. एच हामिद, आनंद बगडवाल आदि ने विचार रखे। इस दौरान पूर्व पालिकाध्यक्ष शोभा जोशी, मनीष अग्रवाल, डॉ. एएस गुसांई आदि थे। बाद में कूर्मांचल एकेडमी के छात्रों ने शोक में भगवती पैलेस से स्व. खाती के पोखरखाली स्थित घर तक कैंडल मार्च निकाला। इधर होटल एसोसिएशन के महासचिव हरीश जोशी ने भी शोक व्यक्त किया है।