अल्मोड़ा। प्रगति स्वायत्त सहकारिता समिति की वार्षिक निकाय की बैठक रविवार को भांगादयोली में हुई, जिसमें विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ ही महिलाओं को समूह से जुड़ने के लिए प्रेरित करना होगा। समूह से जुड़कर वह आत्मनिर्भर बनेंगी।
उन्होंने महिलाओं से समूह के माध्यम से दुग्ध उत्पादन, डेयरी विकास, बागवानी कर जीवन स्तर ऊंचा उठाने का आह्वान किया। कहा कि महिलाएं समूह के माध्यम से बैंक से लोन लेकर लघु, कुटीर उद्योग स्थापित करने के साथ ही छोटी-बड़ी बचतों के माध्यम से भी अपना जीतन स्तर में सुधार सकती हैं।
उन्होंने समिति द्वारा वर्ष 2015-16 में 82 लाख का व्यवसाय करने, समिति द्वारा तीन लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित करने पर खुशी जताई। समिति के 527 सदस्यों को 52,700 रुपये लाभांश बांटा। उन्होंने समिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष देवकी मेर, उपाध्यक्ष तुलसी देवी, सचिव नीमा देवी, कोषाध्यक्ष शांति देवी को शपथ दिलाई।
आजीविका के परियोजना प्रबंधक एचबी पंत ने चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में प्रधान संगठन के अध्यक्ष शिव राम आर्य, ग्रामीण समाज कल्याण समिति निदेशक गोपाल चौहान, दीवान सतवाल, रमेश मेलकानी, चंदन रावत ने विचार रखे। जिला पंचायत सदस्य नंदी देवी ने अध्यक्षता, शिवराज बिष्ट, हेमा रावत ने संचालन किया।
बाद में कुंजवाल ने शहरफाटक, मौरनौला, ज्वारनेड़ी में जनसंपर्क कर जनसमस्याएं सुनी। पैतृक गांव कुंज पहुंच कर हरि देवता मंदिर में आयोजित बैसी में भाग लिया। इससे पूर्व उन्होंने जीआईसी मोतियापाथर में निर्माणाधीन खेल मैदान का निरीक्षण किया।