रानीखेत (अल्मोड़ा)। नगर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व का समापन सोमवार को भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। इस दौरान डोला नगर के मुख्य मार्गों से निकाला गया। इसमें विभिन्न क्लबों के कलाकारों ने सुंदर झांकियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों का मनमोहक प्रदर्शन किया।
यहां नगर में 15 अगस्त से ही बाल कलाकारों की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में रात्रि के समय आकर्षक झांकियां सजाई जा रही थीं, जिनका समापन इस शोभायात्रा के साथ हुआ। यात्रा के दौरान विवेकानंद विद्या इंटर कॉलेज रानीखेत के बच्चों ने मधुर बैंड की धुन से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शोभायात्रा शिव मंदिर से प्रारंभ होकर केमू स्टेशन, रोडवेज बस स्टेशन और जरूरी बाजार होते हुए पुनः मंदिर में संपन्न हुई। नगर के व्यापारी और विभिन्न धार्मिक संगठनों ने महापर्व में उत्साहपूर्वक सहयोग दिया। यहां समिति के अगस्त लाल साह, चंद्रा दत्त बेलवाल, रमेश बिष्ट, मोहन बिष्ट, दीपक रावत, अंकित मेहरा, गौतम, दीपक, रमेश अधिकारी, गौरव भट्ट, अभिषेक कांडपाल, परमवीर महरा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।