साइकिल रैली दल के साथ सैन्य अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र में 71वां सेना दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। सोमनाथ स्थित युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस दौरान केंद्र की तरफ से साइकिल रैली का आयोजन किया गया। जिसे कमांडेंट ब्रिगेडियर जीएस राठौर ने हरी झंडी दिखाई। यह रैली नौ दिनों में 351 किमी की दूरी तय कर वापस रानीखेत पहुंचेगी। इस दौरान जगह-जगह सौहार्द का संदेश दिया जाएगा वहीं पूर्व सैनिकों से मिलकर जन कल्याणकारी योजनाओं भी जानकारी दी जाएगी।
सेना दिवस के उपलक्ष्य में यहां सोमनाथ मैदान स्थित युद्ध स्मारक में शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित किए गए। केआरसी के कमांडेंट ब्रिगेडयर जीएस राठौर ने सेना दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला और देश सेवा के लिए तत्पर रहने का आह्वान किया। इसके बाद सुबह 10 बजे उन्होंने सोमनाथ मैदान से साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाई।
इस साइकिल रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में भाईचारे को बढ़ावा देने के अलावा भूतपूर्व सैनिकों एवं युद्ध वीरों से मिलकर उनके सकुशल जीवनयापन के लिए उनका मार्ग प्रशस्त करना है, ताकि भूतपूर्व सैनिकों और युद्ध वीरों का कल्याण किया जा सके। कार्यक्रम में डिप्टी कमांडेंट कर्नल निखिल श्रीवास्तव, पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल मोहन चंद्र भंडारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।