रानीखेत (अल्मोड़ा)। लॉकडाउन के कारण लंबे से बंद पड़ी सेना की भर्ती रैली फिर शुरू होगी। कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र (केआरसी) में यूनिट हेडक्वार्टर की कोटा भर्ती रैली इस बार 28 दिसंबर से शुरू होगी। पूरे देश से सैनिक आश्रित यहां भर्ती के लिए जुटेंगे। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्य स्तर पर शीर्ष पर रहे खिलाड़ियों के लिए भी भर्ती का अच्छा मौका होगा। उन्हें भर्ती में वरीयता दी जाएगी।
केआरसी से जारी विज्ञप्ति के अनुसार तीन दिनी इस भर्ती रैली के तहत 28 दिसंबर को सैनिक जीडी और सैनिक ट्रेड्समैन के लिए भर्ती होगी। इसमें पिथौरागढ़, चंपावत, बागेश्वर जिलों के कुमाऊंनी, गढ़वाली और गोरखा अभ्यर्थी भाग लेंगे। 29 दिसंबर को अल्मोड़ा, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल के युवा किस्मत आजमाएंगे। 30 दिसंबर को यूपी, मध्यप्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर भारत के अहीर, राजपूत, नागा युवक भाग लेंगे। 31 दिसंर को स्पोर्ट्समैन की भर्ती होगी। तीन जनवरी से 16 जनवरी तक प्रपत्रों की जांच होगी। 12 जनवरी को मेडिकल परीक्षण किया जाएगा, जबकि 28 फरवरी को लिखित परीक्षा होगी। कोरोना महामारी के चलते लंबे समय बाद सेना की भर्ती रैली शुरू होगी। भर्ती यहां केआरसी के सोमनाथ मैदान में होगी।