रानीखेत (अल्मोड़ा)। छावनी परिषद की मिनी मैराथन 15 जनवरी को यहां नरसिंह स्टेडियम से शुरू होगी। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मैराथन में विशेष वर्ग में दिव्यांग भी भाग ले सकते हैं। उनके लिए दो सौ मीटर का वॉक रखा गया है। इसके अलावा 60 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के लिए दो किमी की मैराथन रखी गई है।
मुख्य अधिशासी अधिकारी ज्योति कपूर ने बताया कि मैराथन नरसिंह मैदान से सुबह 11 बजे शुरू होगी। सामान्य वर्ग में 18 से 60 वर्ष की उम्र निर्धारित की गई है। इस वर्ग के लोग मैदान से जीपीओ तक पांच किमी की दौड़ लगाएंगे। इसमें महिला और पुरुष दोनों को स्थान दिया गया है।
वरिष्ठ नागरिक पुरुष और महिला वर्ग के लिए दो किमी की दौड़ निर्धारित है। सब जूनियर वर्ग में छठी से नवीं कक्षा और जूनियर वर्ग में 10वीं से 12वीं कक्षा के बच्चे प्रतिभाग करेंगे। मैराथन में सैन्य वर्ग के लोग भी प्रतिभाग कर सकते हैं। विजेता प्रतिभागियों को छावनी परिषद पुरस्कृत करेगी।