कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) पर छावनी में शहीद स्मारक पर कारगिल शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की गई। दो मिनट का मौन रखने के बाद तेरह सिख रेजीमेंट के जवानों और एनसीसी कैडेटों ने शहीदों को सलामी दी। मुख्य अतिथि विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने अदम्य साहस के साथ पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। कारगिल का यह बलिदान देश के प्रति सजगता का संदेश देता है।
चौहान ने कहा कि शहीद स्थल को विकसित करने के लिए यदि धनराशि की जरूरत पड़ेगी तो विधायक निधि से धनराशि स्वीकृत की जाएगी। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर केसी जोशी, एसडीएम विवेक राय, 13 सिख रेजीमेंट के कर्नल सनी राठी, पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष प्रेम गिरि गोस्वामी, डा. जेसी दुर्गापाल, छावनी के मुख्य अधिशासी अधिकारी अभिषेक राठौर, डीएसपी आरएस टोलिया, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल आरपी जोशी आदि ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। संचालन पूरन मेहता ने किया।
इधर लक्ष्मेश्वर स्थित शहीद पार्क (गांधी सभा स्थल) में शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। जीजीआईसी की छात्राओं ने स्वागत और देश भक्ति गीत गाए। मुख्य अतिथि रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा कि 1962, 65, 71 और कारगिल युद्ध में भारतीय सेना ने अपने पराक्रम का लोहा मनवाया। विशिष्ट अतिथि सीडीओ जेएस नागन्याल ने कहा कि भारतीय सेना दुनिया की सर्वश्रेष्ठ सेना है। अध्यक्षता करते हुए पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने कहा कि देशभक्ति की भावना हर नागरिक में होनी चाहिए। डा. रमेश पांडे राजन ने कविता पाठ किया। भाजपा जिलाध्यक्ष ललित लटवाल, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता बिट्टू कर्नाटक, प्रो. अरुण पंत, अरबन बैंक के अध्यक्ष आनंद बगडवाल, सभासद हेम तिवारी, पीजी गोस्वामी, आनंद बोरा, लता तिवारी, राधा बिष्ट, गीता मेहरा, चंपा पांडे, नवीन जोशी, श्याम सुंदर प्रसाद, तहसीलदार प्रयाग दत्त सनवाल आदि ने भाग लिया। संचालन सभासद अशोक पांडे ने किया।